9 अप्रैल नवकार दिवस पर होने वाले आयोजन को लेकर जैन समाज ने बैठक ली जिसमें अनेक संस्थाओं ने नवकार दिवस को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया
प्रथम टुडे जबलपुर :-- जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) जबलपुर द्वारा 9 अप्रैल को नवकार दिवस को वृहद और ऐतिहासिक बनाने के लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। इसी कड़ी में जबलपुर के जैन समाज की विभिन्न मंदिर संस्थाओं, प्रतिष्ठित समाजसेवियों और प्रमुख पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 150 से अधिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भाग लिया और आयोजन की भव्यता एवं सफलता सुनिश्चित करने के लिए अपने पूर्ण सहयोग का संकल्प दोहराया।
बैठक में दिगंबर जैन पंचायत सभा के अध्यक्ष कैलाश चंद्र जैन ने कहा कि "विश्व शांति के लिए यह एक अनूठा प्रयास है, जिसे हम सब मिलकर ऐतिहासिक बनाएंगे।" वहीं, श्वेतांबर जैन समाज के अध्यक्ष मंगलचंद टाटिया ने विश्वास जताया कि इस वर्ष जबलपुर देशभर में सबसे अधिक संख्या का रिकॉर्ड कायम करेगा।
पूर्व जोनल अध्यक्ष चौधरी सुबोध जैन ने जानकारी दी कि "इस आयोजन में सभी धर्मों के धर्मगुरुओं का आशीर्वाद लिया जा रहा है, जिससे इसे एक सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बनाया जा सके।" भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने कहा कि "मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होंगे।"
कार्यक्रम में शैलेश जैन, वर्धमान कोठारी आशीष, जोनल सचिव संजीव चौधरी, अध्यक्ष राहुल बड़कुल, यूथ अध्यक्ष मयंक सिंघाई, सचिव हर्ष सिंघाई सहित कई समाजसेवियों ने अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन के दौरान मुंबई से विशेष संगीत कलाकारों का लयबद्ध प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे नवकार मंत्र का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार हो सके।
No comments:
Post a Comment